रिलेशनशिप से इनकार पर छात्रा से बर्बरता: सुनसान जगह ले जाकर पीटा, वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी; केस दर्ज

सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक छात्र के साथ अफेयर और रिलेशनशिप में रहने से इनकार करने पर कॉलेज छात्रा के साथ उसकी ही सहेली और अन्य युवतियों ने बेरहमी की। आरोपी युवतियां छात्रा को झांसा देकर नगर वन के पास सुनसान इलाके में ले गईं, जहां उसे बाल खींचकर जमीन पर पटका गया और लात-घूंसों व डंडों से पीटा गया। इसके बाद डरा-धमकाकर वीडियो कॉल के जरिए संबंधित छात्र से माफी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

पीछे से लात मारकर गिराती हुई आरोपित छात्रा। (वीडियो ग्रैब)

बाजार ले जाने के बहाने सुनसान इलाके में ले गईं

पीड़िता के अनुसार, कॉलेज में पढ़ने वाला एक छात्र उसे व्हाट्सएप पर लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा द्वारा मना करने के बाद, उसकी पड़ोस में रहने वाली कॉलेज सहेली ने उस पर उक्त छात्र के साथ अफेयर में आने का दबाव बनाया। छात्रा के मना करने पर आरोपी सहेली ने बदला लेने की साजिश रची।

6 अगस्त को आरोपी छात्रा उसे बाजार ले जाने के बहाने अपनी स्कूटर पर बैठाकर ले गई और फिर रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर नगर वन के सामने सुनसान जगह पर ले गई। वहां चेहरे पर नकाब बांधे तीन अन्य युवतियां पहले से मौजूद थीं।

लात-घूंसों से हमला, वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी

सुनसान जगह पहुंचते ही चारों नकाबपोश युवतियों ने छात्रा को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। वायरल वीडियो में आरोपी युवतियां पीड़िता के बाल पकड़कर जमीन पर घसीटती और लात-घूंसों से पीटती नजर आ रही हैं। एक युवती ने डंडे से छात्रा की आंख और कान के पास वार किया।

मारपीट के दौरान आरोपी युवतियों ने अपने साथी छात्र को वीडियो कॉल लगाया और गिड़गिड़ाती हुई पीड़िता से जबरन माफी मंगवाई। जब पीड़िता ने डर के मारे आरोपी छात्र के साथ संबंध बनाने के लिए हां कहा, तब उसे सेमरिया चौराहे पर लाकर छोड़ दिया गया।

मां की बीमारी और डर से 38 दिनों तक चुप रही पीड़िता

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल और मानसिक सदमे में आई छात्रा ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और पिता इलाज के सिलसिले में बाहर थे। वारदात के 38 दिन बाद जब मारपीट का वीडियो एक स्थानीय रिश्तेदार के मोबाइल तक पहुंचा और परिजनों ने कड़ाई से पूछताछ की, तब जाकर पूरी सच्चाई सामने आई।

कोलगवां पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

मामला उजागर होने के बाद परिजन 11 सितंबर को पीड़िता को लेकर कोलगवां थाने पहुंचे। कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि 12 सितंबर को आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो का परीक्षण करा रही है और मुख्य आरोपी सहेली समेत घटना में शामिल अन्य युवतियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *