एमपी: चित्रकूट में चाय-नाश्ते की दुकान पर दिनदहाड़े मारपीट, पुरानी रंजिश में हमला; पिस्तौल और कट्टे के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

सतना/चित्रकूट धार्मिक नगरी चित्रकूट स्थित स्फटिक शिला मोड़ पर चाय-नाश्ते की दुकान पर पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट और गुंडागर्दी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर घटना का खौफनाक वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई चित्रकूट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्तौल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बोलेरो गाड़ी और हमले में इस्तेमाल हॉकी व बेसबॉल डंडे बरामद किए हैं।

गणेश प्रतिमा की तैयारी के दौरान बोला हमला

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, फरियादी ब्रजनेश परिहार (53, निवासी स्फटिक शिला) ने बताया कि 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे उनका बेटा अंकित अपने दोस्तों के साथ स्फटिक शिला मोड़ पर गणेश प्रतिमा की तैयारियों में जुटा था।

इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गुड्डू यादव, शिवम पाल अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो से पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने अंकित और उसके साथी मनीष पर लात-घूंसों व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दयाराम सेन को भी बेरहमी से पीटा गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

बगदरा घाटी के जंगल में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी

घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल होने के बाद चित्रकूट थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 14 सितंबर को बगदरा घाटी के जंगलों के पास घेराबंदी कर 6 आरोपियों को धर दबोचा।

बरामदगी:

  • 32 बोर की 1 पिस्तौल और 6 जिंदा कारतूस
  • 315 बोर का 1 देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस
  • 1 बोलेरो कार, 1 हॉकी डंडा और 1 बेसबॉल बैट

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बदमाश शामिल हैं:

  1. वरुण तिवारी (31 वर्ष, निवासी कैलोहा, बहिलपुरवा/हाल निवासी सतना)
  2. सुमित उर्फ मथुरिया पांडेय (18 वर्ष, निवासी लालापुर/हाल गुप्तगोदावरी)
  3. योगेंद्र पाठक (23 वर्ष, निवासी सिरसावन, चित्रकूट)
  4. देवांश पांडेय उर्फ लल्ला (25 वर्ष, निवासी गुप्तगोदावरी)
  5. कार्तिक यादव (21 वर्ष, निवासी नादी, थाना पहाड़ी, यूपी)
  6. शिवम पाल (19 वर्ष, निवासी गल्ला मंडी, कर्वी, यूपी)

चित्रकूट पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क और अवैध हथियारों की तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *