सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट के जरिए एक नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर उसे अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने वाले मनचले को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा लगातार परेशान किए जाने और धमकियां देने से तंग आकर पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के चित्रकूट धाम से दबोच कर सतना न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

स्नैपचैट पर हुई थी पहचान, बाद में भेजने लगा भद्दे मैसेज
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग छात्रा की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से कपिल कुमार पटेल (21 वर्ष) नामक युवक से हुई थी। आरोपी कपिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट धाम (जिला चित्रकूट) के अंतर्गत आने वाले थाना कर्वी-कोतवाली के सेमरिया-जगन्नाथ का रहने वाला है।
सोशल मीडिया पर बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को आपत्तिजनक और भद्दे संदेश भेजना शुरू कर दिया।
बातचीत बंद करने पर देने लगा धमकियां
जब नाबालिग ने आरोपी की इन हरकतों का विरोध किया और उसे फटकार लगाते हुए स्नैपचैट और अन्य माध्यमों से बातचीत पूरी तरह बंद कर संपर्क तोड़ लिया, तब भी आरोपी बाज नहीं आया।
संपर्क खत्म होने के बाद वह छात्रा का लगातार पीछा करने और उसे लगातार धमकी भरे मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। धमकियों से परेशान होकर आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
यूपी में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा
परिजनों के साथ थाने पहुँची पीड़िता की शिकायत पर रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में दबिश देकर मुख्य आरोपी कपिल कुमार पटेल को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने उसे स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
