अमरपाटन में नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार: लिफ्ट देकर होटल ले गया, नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बलात्कार

मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) अमरपाटन ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह परस्ते और उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की है।

स्कूल छोड़ने का झांसा देकर बोलेरो में बैठाया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 24 अगस्त 2026 को वह स्कूल जाने के लिए निकली थी। रास्ते में उसे मामा के गांव करतहा का रहने वाला अंकित पांडे अपनी बोलेरो गाड़ी के साथ मिला। उसने छात्रा से पूछा कि वह कहां जा रही है। जब छात्रा ने बताया कि वह स्कूल जा रही है, तो आरोपी ने उसे स्कूल छोड़ देने का झांसा देकर गाड़ी में बैठा लिया।

नशीला पदार्थ सुंघाकर होटल में किया दुष्कर्म

गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपी अंकित पांडे ने पीड़िता को धोखे से कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उसे धुंधला दिखाई देने लगा और वह अर्धबेहोशी की हालत में आ गई। स्थिति ऐसी हो गई कि पीड़िता कुछ भी बोलने या विरोध करने में असमर्थ हो गई।

इसके बाद आरोपी उसे स्कूल न ले जाकर अमरपाटन स्थित मानिक होटल ले गया। वहां आरोपी ने बदहवास नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को किसी को भी घटना की जानकारी न देने की धमकी दी।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, कानूनी कार्रवाई जारी

पीड़िता द्वारा परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती बताने के बाद पुलिस ने तत्काल विभिन्न गंभीर धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते की टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी अंकित पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *