दिल्ली बिल्डिंग हादसे में हुआ बड़ा खुलासा: FIR में पता चली इमारत गिरने की असल वजह, लालच में बनाईं 4 अतिरिक्त मंजिलें

नई दिल्ली दक्षिणी के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर हुए दर्दनाक इमारत हादसे में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR (प्रथम सूचना रिपोर्ट) के मुताबिक, ज्यादा किराया वसूलने के लालच में एक पुरानी और जर्जर इमारत के ऊपर अवैध रूप से चार अतिरिक्त मंजिलें खड़ी कर दी गई थीं। इस भीषण हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मालिक को पहले से पता था खतरा, फिर भी कराया निर्माण

पुलिस जांच और FIR से मिली जानकारी के अनुसार, इमारत मालिक हरिराम गुप्ता और उसके भाई ने मिलकर कई साल पुरानी और कमजोर बुनियाद वाली इस बिल्डिंग पर अवैध निर्माण कराया था। एफआईआर में इस बात का स्पष्ट उल्लेख है कि मकान मालिक को पहले से भली-भांति जानकारी थी कि पुरानी इमारत अधिक वजन सहन करने में सक्षम नहीं है। इसके बावजूद, केवल अधिक किराए का लालच में इस गंभीर खतरे को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।

मकान मालिक समेत पूरा परिवार गिरफ्तार

हादसे के बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मकान मालिक हरिराम गुप्ता, उसकी पत्नी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही बरतने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू, क्षेत्र में हड़कंप

रविवार दोपहर जब यह जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिरी, तब आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से 7 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 5 घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन अब आसपास की अन्य पुरानी इमारतों की सुरक्षा जांच की भी तैयारी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *