मैहर वनमंडल में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से आया नर जंगली हाथी (E-5) लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। पिछले चार दिनों से यह हाथी रामनगर और अमरपाटन वन परिक्षेत्र के अलग-अलग गांवों और जंगलों में विचरण कर रहा है। बुधवार को हाथी गोरसरी घाटी से आगे बढ़ते हुए अमरपाटन क्षेत्र के ओबरा गांव के समीप पहुंच गया, जहां उसने एक झोपड़ी को ध्वस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय झोपड़ी में कोई मौजूद नहीं था।

ओबरा से गोरसरी पहाड़ की ओर लौटा हाथी
ओबरा गांव में झोपड़ी को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी गुरुवार को वापस गोरसरी पहाड़ की ओर लौट गया। शुक्रवार को भी हाथी का मूवमेंट गोरसरी पहाड़ और उसके आसपास के जंगलों में देखा गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथी फिलहाल अपने प्राकृतिक आवास में है और उसकी गतिविधियां सामान्य हैं।
रेडियो कॉलर से निगरानी, बांधवगढ़ से बुलाए गए कुमकी हाथी
हाथी E-5 की सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए वन विभाग की टीम रेडियो कॉलर तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। विशेषज्ञ लगातार उसकी लोकेशन और व्यवहार का विश्लेषण कर रहे हैं।

हाथी के मूवमेंट को नियंत्रित करने और उसे सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ने के लिए बांधवगढ़ से दो प्रशिक्षित ‘कुमकी’ हाथियों को भी बुलाया गया है। वन विभाग के कर्मचारी इन हाथियों के साथ इलाके में लगातार गश्त कर रहे हैं। इसके बावजूद हाथी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।
200 मीटर दूरी बनाए रखने की अपील, मुनादी जारी

वन विभाग द्वारा संभावित प्रभावित गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए लगातार मुनादी कराई जा रही है। डीएफओ विद्याभूषण के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीमें मैदानी स्तर पर मुस्तैद हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- जंगल की ओर अकेले न जाएं और हाथी से कम से कम 200 मीटर की दूरी बनाए रखें।
- हाथी के करीब जाकर फोटो, वीडियो या सेल्फी लेने की कोशिश बिल्कुल न करें।
- टॉर्च, तेज रोशनी या शोर मचाकर हाथी को उकसाने का प्रयास न करें।
- खेतों में हाथी दिखने पर खुद भगाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
