मध्य प्रदेश के मैहर जिले अंतर्गत नादन देहात थाना क्षेत्र से एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह जरमोहरा गांव के पास खाद से भरा एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और मदद से दोनों घायलों को तत्काल बाहर निकालकर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल भिजवाया गया।

राहगीर को बचाने के चक्कर में खाई में पलटा ट्रैक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, भटगंवा गांव निवासी आनंद केवट (पिता रामलखन केवट) अपने साथी उमेश दाहिया के साथ ट्रैक्टर में खाद लादकर खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर नादन थाना क्षेत्र के जरमोहरा गांव के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर एक व्यक्ति सामने आ गया।
सामने आए व्यक्ति को सुरक्षित बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक कट मारा, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा उतरा और पलट गया।
ग्रामीणों ने मलबे से निकाला बाहर, सतना रेफर
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे आनंद केवट और उमेश दाहिया को बाहर निकाला।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने मामले की शुरुआती जांच कर पंचनामा तैयार कर लिया है
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
