मध्य प्रदेश के मैहर जिले में स्थित अमरपाटन रेंजर क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर सर्किल में पिछले 22 दिनों से लगातार देखा जा रहा जंगली हाथी ‘ई-5 सी-4’ (E-5 C4) रविवार रात करीब 10:30 बजे गोरसरी पहाड़ी से उतरकर सीधे रामनगर के शहरी इलाके में दाखिल हो गया। अचानक रिहायशी इलाके में हाथी के आ जाने से हड़कंप मच गया और उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी वन विभाग की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सुरक्षा के लिहाज से शहर की बिजली आपूर्ति कराई बंद
हाथी की रिहायशी इलाके में मौजूदगी और हादसों की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने एहतियाती कदम उठाए:
- 11 KV फीडर बंद: गोरसरी क्षेत्र के 11 केवी रामनगर फीडर की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कराई गई ताकि करंट की चपेट में आने से हाथी या नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे।
- खदेड़ने से मनाही: वन विभाग ने स्थानीय लोगों को सख्त हिदायत दी कि वे हाथी को कतई न खदेड़ें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम कॉलर ID से रख रही नजर
हाथी ‘E-5 C4’ की मूवमेंट पर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (BTR) की विशेष तकनीकी टीम कॉलर आईडी (Satellite/Radio Collar) के जरिए पल-पल की लोकेशन ट्रैक कर रही है। लोकेशन मिलते ही बीटीआर की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात हो गया है।
रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के अनुसार:
“हाथी की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वन विभाग की कई टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि हाथी को सुरक्षित तरीके से वापस जंगल की ओर मोड़ा जा सके।”
23 सितंबर को चलाया गया था 150 कर्मियों का रेस्क्यू ऑपरेशन
उल्लेखनीय है कि 23 सितंबर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम ने गोरसरी पहाड़ी पर इस हाथी को ट्रैंकुलाइज़ करने और सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए बड़ा ऑपरेशन चलाया था। इस अभियान में 6 कुमकी (पालतू) हाथी और करीब 150 से अधिक वनकर्मियों की टीम शामिल थी। हालांकि, तेज बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को बीच में ही रोकना पड़ा था।
मौसम साफ होते ही रविवार रात हाथी पहाड़ी से उतरकर रामनगर शहर की ओर रुख कर गया, जिससे प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
