सतना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सतना जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रमों की धूम रही। जिले भर में सेवा, स्वच्छता और दीपोत्सव के कई बड़े आयोजन संपन्न हुए। शाम ढलते ही पूरा सतना जिला 3 लाख 51 हजार से अधिक मिट्टी के दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। मुख्य आयोजन शहर की व्यंकटेश वाटिका में हुआ, जहां 21 हजार दीप जलाकर भारत और मध्य प्रदेश का मनमोहक नक्शा उकेरा गया।

व्यंकटेश वाटिका में 21 हजार दीपों से उकेरा नक्शा, चित्रकूट में भी जलाए दीये
शाम 7 बजे से जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में एक साथ दीप प्रज्वलन शुरू हुआ।
- मुख्य कार्यक्रम: जिला स्तरीय मुख्य आयोजन व्यंकटेश वाटिका में आयोजित किया गया। रात करीब 8:30 बजे वाटिका की सभी लाइटें बंद की गईं और पूर्व संभागायुक्त बी.एस. जामोद ने पहला दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह और नागरिकों ने मिलकर 21 हजार दीपों से भारत व मध्य प्रदेश का आकर्षक नक्शा रोशन किया।
- धामों में जगमगाहट: धार्मिक नगरी चित्रकूट स्थित भगवान कामतानाथ मंदिर परिसर सहित पूरे जिले में कुल 3.51 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए गए। सांसद गणेश सिंह ने इस दीपोत्सव को ऐतिहासिक बताते हुए पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की।
जिला अस्पताल में रक्तदान: महापौर योगेश ताम्रकार समेत 151 युवाओं ने किया रक्तदान
सेवा पखवाड़े के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला अस्पताल सतना में एक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
अस्पताल में पंजीयन और प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के उपरांत व्यवस्थित रूप से रक्तदान कराया गया। शिविर में सतना महापौर योगेश ताम्रकार सहित जिले के कुल 151 युवाओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प लिया।
बस स्टैंड पर चला स्वच्छता अभियान, सांसद व जिलाध्यक्ष ने थामी झाड़ू
सेवा संकल्प अभियान के तहत सतना मुख्य बस स्टैंड परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सांसद गणेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश यादव तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर आम जनता को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
