मैहर | जिले में जंगलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे वन्यजीव अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। रामनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुरैना अंतर्गत सिंगपुर मौहारी गांव में सोमवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक जंगली हाथी ने अचानक गांव में प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाया। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि कई परिवार बेघर हो गए हैं।

बुजुर्ग को पटककर मारा, कई घर मलबे में तब्दील
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगली हाथी ने आबादी वाले क्षेत्र में दाखिल होते ही घरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। हाथी के हिंसक हमले की चपेट में आने से गांव के निवासी कंछेदी यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हाथी ने अपनी ताकत से कई कच्चे और पक्के मकानों को पूरी तरह ढा दिया, जिससे पूरे इलाके में मलबे का ढेर लग गया। अचानक हुए इस हमले में कई पालतू मवेशी और जानवर भी मलबे के नीचे दब गए, जिन्हें निकालने के प्रयास स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे हैं।
गांव में कराई गई मुनादी, दहशत का माहौल
हाथी की दस्तक के बाद से पूरे सिंगपुर मौहारी और आसपास के क्षेत्रों में भारी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में मुनादी कराकर लोगों को अपने घरों में रहने और सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। वन विभाग का दावा है कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है, लेकिन धरातल पर ग्रामीणों को कोई ठोस राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
4 घंटे बाद भी नहीं पहुंची टीम, सरपंच बोले- रेंजर भी नदारद
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। पुरैना पंचायत के सरपंच बीपेन्द्र प्रताप सिंह ने वन विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना की तुरंत सूचना देने के 3 से 4 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई मैदानी अमला मौके पर नहीं पहुंचा।
मंगलवार सुबह तक क्षेत्र के रेंजर के घटनास्थल पर न पहुंचने से ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासनिक टीम पहुंच जाती, तो शायद जनहानि और नुकसान को कम किया जा सकता था।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
