अब टोल प्लाजा पर नहीं रुकेगी गाड़ी! फरवरी से देश में लागू होगा बैरियर-फ्री सिस्टम, नितिन गडकरी ने किया ऐलान
नई दिल्ली देश के राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि देश में जल्द ही बैरियर-फ्री डिजिटल टोल कलेक्शन सिस्टम लागू होने जा रहा है।इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहनों को टोल प्लाजा पर टोल टैक्स चुकाने के लिए रुकना या धीमा नहीं होना पड़ेगा।
‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ में केंद्रीय मंत्री की बड़ी घोषणा
मुंबई में आयोजित ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ (GFF) में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि सरकार अब टोल व्यवस्था को मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) मॉडल पर ट्रांसफर कर रही है।उन्होंने बताया कि इस नए सिस्टम में FASTag डेटा और ऑटोमैटिक नंबर-प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक का एक साथ इस्तेमाल किया जाएगा।इससे हाईवे पर सामान्य गति से गुजर रहे वाहनों की पहचान कर सीधे टोल टैक्स कट जाएगा।
टोल संचालन की लागत घटेगी, आय में होगा भारी इजाफा
नितिन गडकरी के अनुसार, वर्तमान में टोल प्लाजा के संचालन और रखरखाव पर 12 से 15 प्रतिशत तक खर्च होता है, जो बैरियर-फ्री मॉडल लागू होने के बाद घटकर मात्र 2 से 4 प्रतिशत रह जाएगा।इससे सरकार को सालाना ₹6,000 से ₹7,000 करोड़ रुपये की सीधी बचत होगी।इसके अलावा सटीक ट्रैकिंग और नई तकनीक से सालाना टोल कलेक्शन में लगभग ₹10,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व जुड़ने का अनुमान है।
इंतजार का समय 90% तक घटा, समय और ईंधन दोनों की बचत
वर्ष 2016 में शुरू और 2021 में अनिवार्य किए गए FASTag सिस्टम की सफलता का जिक्र करते हुए गडकरी ने कहा कि पहले जहां टोल प्लाजा पर गाड़ियों को औसतन 12 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब यह वेटिंग टाइम 80 से 90 प्रतिशत तक घट चुका है।
उन्होंने बताया कि टोल पर लगने वाले समय में आई कमी से देश में हर साल करीब 56 करोड़ लीटर ईंधन की बचत हो रही है, जिसकी कीमत लगभग ₹5,250 करोड़ रुपये है।वहीं, यात्रियों के बचने वाले 71 करोड़ घंटों का आर्थिक मूल्य लगभग ₹68,500 करोड़ रुपये सालाना आंका गया है।सरकार का अंतिम लक्ष्य अब इस बची हुई रुकावट को भी शून्य कर निर्बाध सफर सुनिश्चित करना है।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
