मैहर के अमरपाटन में नशीली कफ सिरप के साथ 2 सप्लायर गिरफ्तार: 72 शीशी ऑनरेक्स जब्त, पत्नी की शिकायत पर खुला राज

मैहर/सतना रीवा जोन में मेडिकल नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के तहत मैहर जिले की अमरपाटन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पुरानी बस्ती में दबिश देकर नशीली कफ सिरप की बिक्री व सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से प्रतिबंधित कोडीन फास्फेट युक्त ऑनरेक्स (Onrex) कफ सिरप की 72 शीशियां और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे अवैध कारोबार का खुलासा आरोपियों में से एक की पत्नी द्वारा की गई शिकायत के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रताड़ना से तंग आकर महिला अमरपाटन थाने पहुंची और पुलिस को अपने पति के अवैध नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त होने की गुप्त जानकारी दी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद अमरपाटन थाना पुलिस ने शनिवार रात पुरानी बस्ती स्थित आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की।

72 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद, 2 गिरफ्तार

मुखबिर की सटीक सूचना और शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने पुरानी बस्ती अमरपाटन में दबिश देकर मोहम्मद सफीक उर्फ लाला और राहुल खटिक को धर दबोचा। सफीक के घर की तलाशी लेने पर 72 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) और मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रीवा जेल भेज दिया गया है।

कटिया खुर्द के सप्लायर की तलाश जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से की गई कड़ाई से पूछताछ में मुख्य सप्लायर का नाम भी सामने आया है। आरोपियों ने कबूला कि 11 सितंबर को उन्हें यह नशीली सिरप कटिया खुर्द (थाना नादन देहात) निवासी अतुल पटेल ने सप्लाई की थी।

पुलिस ने मामले में अतुल पटेल को भी सह-आरोपी बनाया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। रीवा जोन आईजी गौरव राजपूत के मार्गदर्शन में जिले भर में नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *