सतना में पर्यटकों को दिनदहाड़े चाकू की नोक पर लूटा: 3 बदमाश गिरफ्तार, नगदी व बाइक जब्त; 1 फरार

सतना मध्य प्रदेश की धार्मिक व पर्यटन नगरी मैहर और सतना घूमने आए छत्तीसगढ़ के पर्यटकों के साथ दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूटपाट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 3 आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि 1 आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, 3 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

ऑटो रुकवाकर पर्यटकों पर अड़ाया चाकू

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ के मुंगेली (बोड़तरा कला) निवासी ललित जायसवाल अपने साथियों गजानंद निषाद और गणेश दुबे के साथ 11 सितंबर की रात सतना पहुंचे थे। वे मैहर में मां शारदा के दर्शन करने के बाद सतना के एक होटल में ठहरे थे। 12 सितंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे ललित अपने साथी गणेश के साथ ऑटो से बीमार दोस्त से मिलने नागौद की तरफ जा रहे थे।

जैसे ही ऑटो सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडीमाता मंदिर के पास हड्डी फैक्ट्री रोड पर पहुंचा, वहां खड़े 4 युवकों ने सवारी के बहाने ऑटो रुकवा लिया। ऑटो रुकते ही बदमाशों ने ललित और गणेश को जबरन नीचे उतारा और गले पर चाकू अड़ाकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने पर्यटकों से करीब 30 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से 3 आरोपी दबोचे

दिनदहाड़े पर्यटकों से लूट की घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान के निर्देशन में सिविल लाइन पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साइबर इनपुट की मदद से आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने त्वरित दबिश देकर वारदात में शामिल निम्नलिखित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया:

  1. कमलेश प्रसाद सेन (निवासी देवरी कला, थाना रैगांव)
  2. दिलीप बोस (निवासी महतैन, थाना सिंहपुर)
  3. धरमदास चौधरी (निवासी महतैन, थाना सिंहपुर)

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ₹9,600 नगद, 3 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल जब्त कर तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

1 आरोपी फरार, पुलिस टीम को सफलता

मामले में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस सफल कार्रवाई में सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीती विश्वकर्मा, साइबर सेल प्रभारी अजीत सिंह सेंगर, एएसआई अमर सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक दुबे व विकास सिंह, तथा आरक्षक आनंद सिंह और समीर गौतम की सराहनीय भूमिका रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *