मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झरसी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इलाके में फैले आतंक का बदला लेने के लिए दो चचेरे भाइयों ने मुर्गा और शराब की पार्टी के बाद सो रहे हिस्ट्रीशीटर पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत पूछताछ कर रही है।

खेत में अहरी पर मिली खून से लथपथ लाश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टीकर गांव निवासी राहुल सिंह (35 वर्ष) पिता बृजमोहन सिंह, अपने घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर झरसी गांव में खेत पर अहरी बनाकर रहता था। मंगलवार सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे, तो राहुल का रक्तरंजित शव जमीन पर पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके साथ ही जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह, उनकी टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से खून से सना फावड़ा भी बरामद किया है।
पन्ना से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि राहुल को आखिरी बार ट्रक ड्राइवर सियाशरण दाहिया के साथ देखा गया था। पुलिस जब सियाशरण के घर पहुंची, तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पन्ना जिले से हिरासत में ले लिया।
पुरानी मारपीट का बदला लेने के लिए रची साजिश
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ट्रक ड्राइवर सियाशरण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि राहुल सिंह क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था और उसने कुछ समय पहले उसके घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ मारपीट की थी। सोमवार को काम के पैसे लेकर लौटते समय रास्ते में राहुल मिला और अहरी पर मुर्गा-शराब की पार्टी का प्रस्ताव रखा।
सियाशरण ने अपने चचेरे भाई अश्विनी दाहिया को बुलाकर खाने-पीने का सामान मंगवाया। देर रात तक अहरी में पार्टी चलती रही। इसी दौरान नशे की हालत में राहुल ने उसे काफी भला-बुरा कहा। तड़के करीब ढाई बजे जब राहुल गहरी नींद में सो गया, तब दोनों भाइयों ने पुराने विवाद और आतंक का खात्मा करने के लिए पास रखे लोहे के फावड़े से उस पर हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
16 साल की उम्र में किया था पहला मर्डर, दर्ज थे 13 गंभीर मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक राहुल सिंह के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, एडी एक्ट और एससी-एसटी एक्ट जैसे 13 गंभीर अपराध दर्ज थे। उसने वर्ष 2008 में महज 16 साल की उम्र में अपने सहपाठी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद 2011 में उसने तत्कालीन महतैन सरपंच की भी हत्या की थी। वह सभी मामलों में जमानत पर बाहर चल रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
