सतना। माध्यमिक शिक्षा मण्डल म.प्र. द्वारा बुधवार को हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। घोषित परिणामों के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षा में सतना जिले में हाईस्कूल परीक्षा में 6 और 11 छात्र-छात्राओं ने हायर सेकेण्डरी परीक्षा में अपना स्थान प्रदेश की मेरिट सूची में बनाया है। इसी प्रकार मैहर जिले के हाईस्कूल परीक्षा में 4 छात्र और हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा में 2 छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय प्रवीण्य सूची में नाम दर्ज कराया है। जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री ने बताया कि हाईस्कूल सर्टीफिकेट परीक्षा 2026 में प्रदेश में प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की अस्थाई प्रवीण्य सूची में सतना जिले के शासकीय हाईस्कूल रजरवार की कुमारी अंजली तिवारी और शासकीय कन्या उमावि उचेहरा की कुमारी पलक यादव ने 493-493 अंक अर्जित कर प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार शासकीय उत्कृष्ट उमावि व्यंकट क्रमांक-1 सतना की कुमारी प्राची कुशवाहा ने 492 अंक अर्जित कर आठवां स्थान और शासकीय संदीपनी उमावि बगहा की कुमारी कौशिकी द्विवेदी और गार्जियन एण्ड गाइड पब्लिक स्कूल सतना की कुमारी अन्नपूर्णा दुबे ने 491-491 अंक अर्जित कर नौवां स्थान प्राप्त किया है। शासकीय उमावि गोलहटा की छात्रा कुमारी अनामिका सिंह ने 490 अंक अर्जित कर दसवां स्थान प्राप्त किया है।
हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा वर्ष 2026:
हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा वर्ष 2026 में प्रदेश की मेरिट सूची में विज्ञान एवं गणित समूह में सत्या निकेतन उमावि नागौद की कुमारी डाली पुरवार ने 491 अंक अर्जित कर प्रावीण्य सूची में दूसरा और शासकीय उमावि बालक रामपुर बघेलान के मनेन्द्र केवट ने 490 अंक अर्जित कर प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में तीसरा स्थान बनाया है। इसी प्रकार सरस्वती उमावि कृष्णनगर की कुमारी रेशू मिश्रा ने 489 अंक अर्जित कर चौथा स्थान, सरस्वती विद्या मंदिर उमावि केशवनगर के श्रीजल पाण्डेय ने 486 अंक अर्जित कर सातवां स्थान, शासकीय उत्कृष्ट उमावि व्यंकट क्रमांक-1 सतना के अमन कुमार गुप्ता ने 484 अंक अर्जित कर नौवां स्थान प्राप्त किया है। सत्य निकेतन उमावि नागौद की कुमारी श्रेया अग्रवाल और शासकीय उत्कृष्ट उमावि व्यंकट क्रमांक-1 सतना के नमन सिंह ने 483-483 अंक हासिल कर दसवां स्थान प्राप्त किया है। वाणिज्य समूह के अंतर्गत हायर सेकेण्डरी परीक्षा की मेरिट सूची में स्कालर होम उमावि डॉली बाबा सतना की छात्रा कुमारी सिमरन छावडिया और सुरेन्द्र पाल ग्रामोदय उमावि चित्रकूट की कुमारी नंदनी गर्ग ने 485-485 अंक हासिल कर प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
मैहर जिले में हाईस्कूल में 4 और हायर सेकेण्डरी में 2 छात्राओं ने बनाया मेरिट सूची में स्थान जिले के हाईस्कूल रिजल्ट 62.13 प्रतिशत और हायर सेकेण्डरी में 68.75 प्रतिशत रहा:

जिला शिक्षा अधिकारी मैहर गिरीश अग्निहोत्री ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल में मैहर जिले का नाम इसी सत्र में शामिल किया गया है। मैहर जिले में हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम 62.13 प्रतिशत तथा हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणाम 68.75 प्रतिशत रहा है। हाईस्कूल परीक्षा परिणाम वर्ष 2026 की परीक्षा में मैहर जिले की 4 छात्रों ने और हायर सेकेण्डरी की 2 छात्रों ने प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में अपना स्थान दर्ज कराया है। हाईस्कूल परीक्षा 2026 में शासकीय उमावि सन्नेही की छात्रा कुमारी श्रुति कुशवाहा ने 492 अंक अर्जित कर प्रावीण्य सूची में आठवां स्थान बनाया है। इसी प्रकार शासकीय उमावि बदेरा के छात्र शिव साहू, सरस्वती शिशु मंदिर रामनगर की कुमारी दुर्गा पाण्डेय और शासकीय हाईस्कूल अमरपाटन की कुमारी आंचल देवी कोल ने 491-491 अंक हासिल कर प्रावीण्य सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है।
प्रदेश की मेरिट सूची में हायर सेकेण्डरी कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में जीव विज्ञान समूह की शासकीय उमावि रामगढ की छात्र कुमारी शिवांगी गुप्ता ने 485 अंक हासिल कर सातवां और बाल भारती पब्लिक उमावि अमरपाटन की कुमारी सुजला पटेल ने 484 अंक अर्जित कर प्रदेश सूची में आठवां स्थान बनाया है।

(Arish Ahmed Owner At statebreak.in) Journalist🔸
