Saingrauli News : सिंगरौली के बेटे को दिल दे बैठी फ्रांस की खूबसूरत युवती, हिन्दू रीति-रिवाज के साथ आज लेंगे सात फेरे, शहनाई के साथ गूजेंगा वैदिक मंत्रोच्चार।

सिंगरौली। फ्रांस मूल की रहने वाली युवती ने सिंगरौली के एक युवक साथ सात जन्मों तक साथ निभाने का वचन ले लिया। दरअसल सिंगरौली निवासी संदीप कुमार सिंह, पिता स्व. रमेश प्रसाद सिंह, का विवाह फ्रांस की नागरिक शेरला पुलानीया के साथ आज गुरुवार को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा। नव दंपति आज रात अपने परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेंगे। विवाह से पूर्व 4 फरवरी, बुधवार को होटल हेरिटेज पैलेस में संदीप और शेरला की हल्दी रस्म हर्षोल्लास और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर लगभग पचास फ्रांसीसी नागरिकों ने पीले वस्त्र धारण कर परिवारजनों के साथ दूल्हा-दुल्हन को हल्दी का लेप लगाया। हल्दी रस्म सौंदर्य, पवित्रता, सुरक्षा और सुखद वैवाहिक जीवन के आशीर्वाद का प्रतीक मानी जाती है। विशेष बात यह रही कि फ्रांसीसी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान दर्शाते हुए पूरी रस्म वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराई।

जानकारी के अनुसार संदीप कुमार सिंह बैढ़न, सिंगरौली के निवासी हैं। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, बैढ़न से 12वीं की शिक्षा प्राप्त करने के बाद इंदौर से बीसीए एवं पुणे से एमसीए की डिग्री हासिल की। इसके पश्चात वे बेल्जियम में स्थायी रूप से बस गए, जहां उन्होंने आईटी कंसल्टेंसी के क्षेत्र में अपना व्यवसाय प्रारंभ किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस की नागरिक शेरला पुलानीया से हुई। यह मुलाकात पहले दोस्ती और फिर धीरे-धीरे प्रेम में परिवर्तित हो गई। शेरला पुलानीया वर्तमान में सनाफ्री फार्मास्यूटिकल कंपनी में ब्रांड मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। अब दोनों विवाह के पवित्र दांपत्य सूत्र में बंधने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *