कटनी में तेंदुए के शिकार की सनसनीखेज वारदात: सेंट का पीछा करते 600 मीटर दूर पहुंचा डॉग स्क्वॉड, तालाब किनारे मिला शव; 3 संदिग्ध गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले अंतर्गत वन परिक्षेत्र रीठी के देवरी बीट से वन्यजीव अपराध की एक बड़ी वारदात सामने आई है। देवरी बीट में तालाब के किनारे एक तेंदुए का शव मिलने से वन महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच में सतना वन मंडल के प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड के डॉग ‘स्पार्टन’ ने तेंदुए की मौत के पीछे छिपे काले सच का पर्दाफाश करते हुए अहम सुराग तलाशे हैं।

वन मंडल कटनी के वन परिक्षेत्र रीठी के देवरी बीट पहुंचा वन मंडल सतना का डॉग स्क्वाॅड। सौजन्‍य टीम

शव से गंध लेकर 300 मीटर दूर फंदे तक पहुंचा डॉग स्पार्टन

घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ सतना के निर्देश पर सतना का डॉग स्क्वॉड रीठी के देवरी बीट पहुंचा। तालाब किनारे पड़े तेंदुए के शव से गंध (सेंट) लेकर स्निफर डॉग स्पार्टन ने अपनी जांच शुरू की।

शव के पास से गंध पकड़कर स्पार्टन सीधे 300 मीटर दूर एक खेत की बाड़ी के पास जाकर रुक गया। वन अमले ने जब वहां बारीकी से जांच की, तो मौके से क्लच वायर का फंदा और तेंदुए के बाल बरामद हुए। इससे साफ हो गया कि तेंदुए की मौत तालाब में डूबने से नहीं, बल्कि शिकार के लिए बिछाए गए फंदे में फंसने से हुई थी।

फंदे से संदिग्धों तक का सफर: 600 मीटर दूर खेत से 3 पकड़ाए

खेत में मिले क्लच वायर के फंदे से डॉग स्पार्टन को दोबारा गंध देकर सर्चिंग कराई गई। इसके बाद स्पार्टन ने तुरंत दिशा पकड़ी और वहां से लगभग 600 मीटर दूर स्थित एक अन्य खेत में पहुंच गया।

स्पार्टन ने वहां काम कर रहे तीन व्यक्तियों की ओर इशारा करते हुए उन्हें चिन्हित किया। वन विभाग की टीम ने बिना देरी किए तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।

मौत के बाद तालाब किनारे फेंका गया शव

वन विभाग की प्राथमिक जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह बात सामने आई है कि तेंदुआ पहले क्लच वायर के फंदे में फंसा था। फंदे में दम घुटने से जब उसकी मौत हो गई, तो आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने और पकड़े जाने के डर से शव को उठाकर करीब 300 मीटर दूर तालाब किनारे फेंक दिया।

फिलहाल तीनों संदिग्धों से सघन पूछताछ जारी है और पोस्टमास्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का और विस्तृत खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *