भोपाल : संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में आयोजित ‘एआईएम कांग्रेस-2026’ (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ अहम बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा से मुलाकात की। इस बैठक में मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश, रोजगार के नए अवसरों और औद्योगिक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

10 वर्षीय इन्वेस्टमेंट प्रोग्राम का खाका तैयार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और डॉ. दर्शन सिंह राणा के बीच हुई इस बैठक में राज्य के लिए 10 साल के इंवेस्टमेंट प्रोग्राम का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा, तय किया गया कि इस प्रस्तावित निवेश को निर्धारित प्रोजेक्ट माइलस्टोन्स के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
इस साझेदारी के तहत प्रदेश में सोलर पावर, ग्रीन हाइड्रोजन और एनर्जी स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जाएगा। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने पर भी सहमति बनी है।
इन प्रमुख सेक्टरों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक के दौरान राज्य में औद्योगिक प्रगति को गति देने के लिए प्रमुख क्षेत्रों को चिह्नित किया गया:
- ग्रीन एनर्जी और हाइड्रोजन: सोलर और क्लीन एनर्जी जेनरेशन को बढ़ावा देना।
- डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर: डेटा सेंटर और हाई-टेक क्लाउड कंप्यूटिंग कैंपस तैयार करना।
- स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग: एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के जरिए क्रिटिकल मिनरल्स रीसाइक्लिंग और ई-मोबिलिटी को मजबूत करना।
- कृषि एवं इलेक्ट्रॉनिक्स: स्थानीय सप्लाई चेन से जुड़ी एग्रीकल्चरल मशीनरी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करना।
मध्य प्रदेश में सरप्लस बिजली और विशाल लैंड बैंक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी को मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य में बिजली सरप्लस में उपलब्ध है और सरकार के पास एक विशाल लैंड बैंक मौजूद है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भूमि, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किलिंग और त्वरित अप्रूवल में कंपनी को पूरा सहयोग प्रदान करेगी। इसके साथ ही सीएम ने राणा होल्डिंग्स को अगले वर्ष आयोजित होने वाली ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ (GIS-2027) का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
₹1.76 लाख करोड़ का पोर्टफोलियो संभालती है राणा होल्डिंग्स
बैठक के दौरान एमडी डॉ. दर्शन सिंह राणा ने बताया कि उनकी कंपनी अपनी निजी पूंजी से निवेश का संचालन करती है। कंपनी का वैश्विक पोर्टफोलियो लगभग 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपये का है। वर्तमान में राणा होल्डिंग्स यूएई, अमेरिका, अफ्रीका, पुर्तगाल, पैराग्वे और थाईलैंड जैसे देशों में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर्स और क्लीन एनर्जी के क्षेत्र में सफलतापूर्वक काम कर रही है।
प्रांशु विश्वकर्मा मध्य प्रदेश के सतना जिले के युवा ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, कंटेंट राइटर हैं। पिछले 4 वर्षों से वे क्षेत्रीय डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। बिजनेस, रोजगार, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत करने के साथ-साथ वे प्रोफेशनल न्यूज़ ग्राफिक्स, वीडियो एडिटिंग और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे Satna Times, Udghosh Samay News, Prabha Superfast, state break News जैसे डिजिटल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े रहे हैं।
