‘एमपी में दवा, पानी और शराब सब जहरीला’, सागर कांड पर राहुल गांधी ने मोहन यादव सरकार को घेरा

भोपाल मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत बंडा और शाहगढ़ क्षेत्रों में जहरीली शराब से हुई कई मौतों के मामले में प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम पर राज्य की मोहन यादव सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के पीड़ित परिवारों से मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह विफल, लगातार जा रही जान

राहुल गांधी ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में दूषित पानी, मिलावटी सिरप और अब अवैध-जहरीली शराब के सेवन से निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हर बड़ी त्रासदी के बाद सिर्फ छोटी-मोटी गिरफ्तारियां और निचले कर्मचारियों का निलंबन कर जांच की महज खानापूर्ति की जाती है।

बड़े अधिकारियों और सांठगांठ की तय हो जवाबदेही

कांग्रेस नेता ने प्रशासनिक कार्रवाई की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि घटना के समय नए नियम-कानून बनाने का दिखावा किया जाता है और बाद में पूरा मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। उन्होंने मांग की कि केवल मैदानी कर्मचारियों पर गाज गिराने के बजाय इस पूरे अवैध कारोबार को शह देने वाले बड़े अधिकारियों और पुलिस तंत्र की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

जिला प्रशासन अलर्ट: गांव-गांव होगी स्क्रीनिंग

दूसरी तरफ, सागर जिले में जहरीली शराब कांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्व और ग्रामीण विकास विभाग को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अमानक शराब के सेवन से पीड़ित संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए गांव-गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ स्क्रीनिंग कराई जा रही है। चुंकि विषैली शराब का असर 24 से 36 घंटे के भीतर दिखने लगता है, इसलिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज तक को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *